मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर से छेड़खानी

 
मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में महिला डॉक्टर से छेड़खानी

Muzaffarpur; मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल में कार्यरत इंटर्न महिला डॉक्टर ने अपने सीनियर डॉक्टर पर छेड़खानी का आरोप लगाया है। रविवार को महिला डॉक्टर ने टाउन थाने में लिखित शिकायत की, जिसपर पुलिस ने FIR दर्ज करते हुए आरोपी डॉक्टर को गिरफ्तार किया।


महिला डॉक्टर ने बताया कि डिप्टी सुपरिटेंडेंट के निर्देश पर रविवार को इमरजेंसी वार्ड में ड्यूटी कर रही थी। इसी दौरान सीनियर डॉक्टर मो. नुरुल कमाल पहुंचे और मेरी फोटो खींची। इसके साथ ही हाथ पकड़कर मरोड़ दिया और जोर जबरदस्ती कर अपने साथ चलने को कहा। यह घटना इमरजेंसी वार्ड में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है।


महिला डॉक्टर ने बताया कि डॉ. मो. नुरुल कमाल ने धमकी देते हुए कहा कि इंटर्न पूरा होने के बाद जो लेटर मिलता है, वो मिलने नहीं दूंगा। इसके बावजूद पीड़िता टाउन थाना पहुंची और पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने शिकायत मिलते ही कार्रवाई शुरू कर दी गई।


वहीं, आरोपी डॉ मो.नुरुल कमाल ने बताया कि मुझे सदर अस्पताल के अधीक्षक बाबू साहब झा ने फोटो खींचने के निर्देश दिए थे। इसलिए मैं फोटो खींच रहा था। मैंने कोई छेड़खानी नहीं की है। मुझ पर झूठा आरोप लगाया जा रहा है।


सदर अस्पताल के उपाधीक्षक एनके चौधरी ने बताया कि डॉ. नुरुल कमाल जबरदस्ती महिला डॉक्टर की फोटो खींच रहा था। महिला डॉक्टर ने फोटो खींचने से मना किया तो वह जोर जबरदस्ती करने लगा। पीड़िता की शिकायत पर 112 की टीम पहुंची और आरोपी डॉक्टर को पकड़कर थाने ले गई।


नगर थाना अध्यक्ष विजय कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में इंटर्नशिप कर रही महिला डॉक्टर ने छेड़खानी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित महिला डॉक्टर की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई और तत्काल आरोपी डॉक्टर मो. नुरुल कमाल को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज भी जब्त किया गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

News Source; SM Hindi News Bihar

Comments